साहब! निर्दोष को हत्या के मामले में फंसा रही पुलिस
हापुड़। गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के गांव भोगापुर की महिलाओं ने मंगलवार को एसपी कार्यालय पर शिकायती पत्र दिया। शिकायत करने पहुंची महिला का आरोप है कि गढ़ पुलिस गांव में हुई एक हत्या के मामले में उसके पुत्र को फंसाना चाहती है, जबकि घटना के वक्त उसका पुत्र गांव में ही नहीं था। एसपी ने मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।
मंगलवार को अन्य महिलाओं के साथ एसपी कार्यालय पहुंची गांव भोगापुर निवासी विधवा दुलारी ने बताया कि गांव में 26 अगस्त 2018 को एक हत्या हो गयी थी। रंजिश के चलते उसके तीन पुत्रों के खिलाफ गांव के ही एक व्यक्ति ने हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। वर्तमान में उसके दो पुत्र को पुलिस द्वारा जेल भेजा जा चुका है, जबकि तीसरा पुत्र घटना से कुछ घंटे पहले ही अपने घर से रूद्रपुर (उत्तराखंड) के लिए निकल गया था। इस मामले की जांच कर रहे जांच अधिकारी को उसके निर्दोष पर रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज और रेल टिकट भी उपलब्ध करा दिया गया, लेकिन पुलिस उनके पुत्र को हत्या के मामले में झूठा फंसाने का प्रयास कर रही है।
ग्रामीण महिलाओं का आरोप था कि रात के समय उनके घरों में दबिश दी जा रही है। इस दबिश की आड़ में महिलाओं से अभद्रता भी की जाती है। इस मामले में पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने बताया कि हत्याकांड की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। किसी भी निर्दोष व्यक्ति को परेशान नहीं किया जाएगा।