रोडवेज बस की टक्कर से महिला की मौत
हापुड़। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत गांव उपैड़ा स्थित फ्लाई ओवर के पास सोमवार देर रात एक रोडवेज बस ने विक्षिप्त महिला को टक्कर मार दी। इसमें महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक समेत बस को अपने कब्जे में ले लिया।
जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात एक रोडवेज बस गढ़मुक्तेश्वर से हापुड़ की ओर आ रही थी। इस दौरान बस ने बाबूगढ़ के उपैड़ा स्थित फ्लाई ओवर के पास एक विक्षिप्त महिला को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला कई फुट हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरी जिससे मौके पर ही उसकी मौैत हो गई।
हादसे के बाद किसी ने फोन कर पुलिस को मामले की सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बस समेत चालक को हिरासत में ले लिया। ग्रामीणों का कहना है कि मृतका गांव में भीख मांग कर अपना गुजारा करती थी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि अभी तक महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है। थाना बाबूगढ़ प्रभारी योगेंद्र मलिक ने बताया कि बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। महिला की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।