खेत में युवक को बंधक बना पत्नी से मांगे दो लाख
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के गांव नंगौला माजरा हैदर नगर निवासी एक युवक ने एसपी कार्यालय पहुंच कुछ युवकों पर खेत में उसे बंधक बनाकर दो लाख रुपये की फिरौती मांगने का आरोप लगाया है। पुलिस द्वारा मामले में कोई कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने न्याय की गुहार लगाई है।
मंगलवार को गांव नंगौला माजरा हैदर नगर निवासी संदीप ने बताया कि 19 फरवरी को वह अपने गांव से पिलखुवा जा रहा था। रास्ते में पिलखुवा रेलवे पार्क के पास चारों युवकों ने उसके साथ मारपीट की और उसे जबरन बाइक पर बैठा लिया। इनमें से एक युवक उसके गांव का था, जबकि अन्य उसके साथी थे। इसके बाद चारों युवक उसे मसूरी नहर के पास स्थित एक जंगल में ले गए और वहां एक खेत में बंधक बना लिया। इसके बाद आरोपियों ने उसकी पत्नी को फोन करके दो लाख रुपये की फिरौती मांगी, जिसके बाद घबराई पत्नी ने नंगौला चौकी पर मामले की शिकायत की। पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई के बाद आरोपी बंधक को छोड़कर भाग गए। मगर, अब पुलिस द्वारा रिपोर्ट दर्ज नहीं की जा रही है। पीड़ित ने एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत की है। एसपी हेमंत कुटियाल मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।