बेल्ट से महिला का गला घोंटा, दिया तीन तलाक
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गुली में दहेज के लालच में ससुरालियों ने बेल्ट से महिला का गला दबाकर हत्या का प्रयास किया। उसके बाद उसे तीन तलाक दे दिया गया। मामले में पीड़िता के पिता ने कोतवाली में तहरीर दी है।
मोहल्ला मोती कालोनी निवासी अहसान कुरैशी ने तहरीर में बताया कि उसने अपनी पुत्री रेशमा की शादी अप्रैल 2015 में मोहल्ला गुली निवासी युवक के साथ की थी। शादी के दौरान उसने दहेज में करीब 15 लाख का सामान, एक कार और पांच लाख रुपये नकद दिये थे। इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग कर रहे थे। मांग पर तीन लाख रुपये और दे दिये। इसके बावजूद साढ़े पांच लाख रुपये और मांगे जा रहे थे। इसे लेकर रेशमा को प्रताड़ित किया जा रहा था।
इसी बात को लेकर मंगलवार को रेशमा के ससुरालियों ने उसे बेल्टों से जमकर पीटा और गला घोंटने का प्रयास किया। इस दौरान रेशमा को तीन तलाक दे दिया गया। बुधवार को पीड़िता परिजनों के साथ कोतवाली पहुंची और ससुरालियों के खिलाफ तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी पंकज लवानिया का कहना है कि महिला को मेडिकल के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।