जेल से छूटकर आए दबंग
ने जबरन फसल कटवाई
- कोतवाली पुलिस ने आरोपों की जांच की शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत गांव दस्तोई निवासी एक किसान ने गांव के ही दबंगों पर जान से मारने की धमकी देने और जबरन उसकी फसल को काट लेने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव दस्तोई निवासी शैलेंद्र ने बताया कि गांव के ही परशुराम पुत्र शिवचरण ने 24 नवंबर 2016 को धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया था। इसके बाद पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। अदालत में मुकदमा हारने के बाद से आरोपी परशुराम जेल में सजा काट रहा था।
आरोप है कि 24 जनवरी को परशुराम जमानत पर रिहा होकर अपने घर आया तो उसने पीड़ित के घर जाकर गाली-गलौज कर अभद्रता की थी।
शनिवार की रात परशुराम व उसके पुत्र अमित व अनुज ने अन्य लोगों के साथ मिलकर जबरन पीड़ित के खेत से ईख की फसल काट ली और ट्रैक्टर ट्राली में लादकर घर ले गए। जानकारी होने पर जब पीड़ित ने विरोध किया तो उक्त लोगों ने उसे जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। रविवार को पीड़ित कोतवाली पहुंचा और मामले की सूचना पुलिस को दी। पीड़ित ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी पंकज लवानिया ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।