गोवंश तस्करों की कार से टकराई गाय, मौत
गढ़मुक्तेश्वर। गोवंश तस्करों की कार से टकराकर एक गाय की मौत हो गई। ग्रामीणों को आते देख तस्कर फायरिंग करते हुए पीछे से आ रही दूसरी कार में सवार होकर भाग निकले। पुलिस ने कार से एक बछिया को बरामद किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गढ़ स्याना रोड से होकर सोमवार रात बुलंदशहर जनपद की ओर जा रही कार ने बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव भैना में एक गाय को टक्कर मार दी। इससे गाय ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे का पता लगते ही राहगीर और आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। भीड़ देखकर पशु तस्कर फायरिंग करते हुए पीछे से आ रही दूसरी कार से भाग निकले। खबर मिलते ही हिंदू युवा वाहिनी के जिला संयोजक राजकुमार वर्मा, मीडिया प्रभारी रोहित शर्मा, मुकेश, जानू शर्मा, मोहित ठाकुर, धर्मेंद्र तोमर, विकास तोमर, नितिन चौहान समेत सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंचकर हंगामा करने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर बछिया को मुक्त कराया और ग्रामीणों की सुपुर्दगी में दे दिया।
इंस्पेक्टर मनु चौधरी ने बताया कि अज्ञात गोवंश तस्करों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। उन्हें बहुत जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।