शरारती तत्वों ने बाबा साहेब के चित्र पर कालिख पोती
गढ़मुक्तेश्वर। गांव डेहरा रामपुर के प्राइमरी स्कूल स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का ताला तोड़कर शरारती तत्वों ने पोषाहार के पैकेट चोरी कर लिए। वहीं केंद्र की दीवार पर बने डॉ. बीआर आबेंडकर के चित्र पर कालिक पोत दी। केंद्र संचालिका द्वारा जानकारी मिलने पर ग्राम प्रधान ने पुलिस को देर शाम मामले की सूचना दी है।
बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव डेहरा रामपुर के माजरे के प्राइमरी स्कूल में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का ताला तोड़कर रविवार रात शरारती तत्वों ने कार्यालय में रखे पोषाहार के 35 पैकेट चोरी कर लिए। सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे संचालिका कुसुमलता केंद्र पर पहुंची तो ताला टूटा देखकर उसके होश उड़ गए। इसी दौरान कुसुमलता ने आंगनबाड़ी केंद्र की एक दीवार पर बने बीआर आंबेडकर के चित्र पर काला तेल लगा देखा तो उसने इसकी सूचना करीब साढ़े 11 बजे ग्राम प्रधान शोभा देवी को दी। ग्राम प्रधान शोभा देवी के पति भीम सिंह किसी काम से बाहर गए हुए थे, जो देर शाम करीब सात बजे गांव पहुंचे और सूचना मिलते ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को साथ लेकर केंद्र पर पहुंचे। इसके बाद भीम सिंह ने पुलिस को सूचना दी। बाबा साहेब के चित्र पर काला तेल डाले जाने की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। एसआई राहुल आनन-फानन में पुलिस टीम को लेकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने मौके का मुआयना कर बाबा साहेब के चित्र पर लगा काला तेल साफ करा दिया। आंबेडकर के चित्र पर कालिख डाले जाने की सूचना मिलने पर ग्रामीणों में आक्रोश उत्पन्न हो गया और मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। पुलिस-प्रशासन ने आरोपियों पर कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत करा दिया। सीओ पवन कुमार ने बताया कि फिलहाल इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है। फिर भी जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम ज्योति राय का कहना है कि उन्हें इस मामले में कोई जानकारी नहीं है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।