बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के बिगास गांव में चोरों ने दो घरों से करीब साढ़े तीन लाख रुपये नकद व करीब 40 तोले सोना पार कर दिया। सुबह परिजनों की नींद खुली तो वारदात की जानकारी हुई। सूचना पर पुलिस के साथ फॉरेसिंक टीम व डॉग स्कवायड ने मौके पर पहुंचकर जांच की। फिलहाल पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है।
बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के बिगास गांव में रामबीर सिंह कर पुश्तैनी मकान है। उनका पुत्र प्रेमपाल गाजियाबाद में बैंक मैनेजर के पद पर तैनात हैं। बृहस्पतिवार देर रात रामबीर सिंह व उनकी पत्नी कमलेश घर के मुख्य दरवाजे पर ताला लगाकर आंगन में सो गए।
जबकि उनकी पुत्रवधू शिक्षिका गीता छत पर बने कमरे में अपने बेटे के साथ सोने चलीं गईं। देर रात छत के रास्ते से चोर घर में घुस गए। चोरों ने अलमारी खोलकर उसमें रखे करीब साढ़े तीन लाख रुपये व करीब 30 तोले सोना चोरी कर लिया।
इसके बाद चोर गांव के दूसरे छोर पर स्थित संजीव के मकान पर पहुंचे। संजीव पूरे परिवार के साथ छत पर सो रहे थे। घर की दीवार फांदकर चोर अंदर घुस गए और कमरे में रखी 12 हजार रुपये की नकदी व करीब 12 तोले सोना चोरी कर ले गए। सुबह करीब पांच बजे परिवार के लोगों की नींद खुली तो चोरी की जानकारी हुई।
सूचना पर बाबूगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। लाखों की चोरी की वारदात होने के कारण गाजियाबाद से फॉरेंसिंक टीम व डॉग स्कवायड भी मौके पर पहुंच गई। घंटों तक फोरेंसिंक टीम ने मौके से उंगलियों के निशान व अन्य साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने खेतों में कांबिंग भी की।
एएसपी राममोहन सिंह ने बताया कि चोरों को पकड़ने के लिए टीम गठित की गई है। जल्द ही चोर पुलिस की गिरफ्त में होंगे।