शराबियों ने किशोर को बेरहमी से पीटा
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत गांधी गंज में दो शराबी युवकों ने एक नाबालिग किशोर को बेरहमी से पीटकर लहूलुहान कर दिया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वीडियो वायरल होने पर हरकत में आयी पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात एक नाबालिग किशोर मोहल्ला गांधी गंज के बाहर जा रहा था। बताया जाता है कि किशोर ने दो शराबियों से कहीं फोन करने के लिए उनसे मोबाइल फोन मांग लिया। इसी बात पर शराबियों ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान किशोर ने उनके चंगुल से भागने का प्रयास किया, लेकिन दोनों ने उसे पीटकर लहूूलुहान कर दिया।
यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। यह वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आयी पुलिस ने फुटेज के आधार पर मारपीट करने वाले युवकों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार पीड़ित किशोर और आरोपी युवकों की तलाश की जा रही है। जिसके बाद कार्रवाई की जायेगी।