पुत्र के अपहरण व घर में चोरी का आरोप
हापुड़। बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर रूस्तमपुर निवासी एक विधवा ने अपनी ननद और ननदोई पर पुत्र के अपहरण और घर में चोरी करने का आरोप लगाया है। पुलिस के कार्रवाई न करने पर शुक्रवार को महिला ने पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई की गुहार लगाई है। एसपी ने बहादुरगढ़ प्रभारी को जांच के आदेश दिए हैं।
शुक्रवार को एसपी कार्यालय पहुंची गांव मोहम्मदपुर रुस्तमपुर निवासी प्रीति ने बताया कि उसके तीन बच्चे हैं। 28 अगस्त को उसके पति की बीमारी के चलते मौत हो गई। पति की मौत के बाद उसकी ननद और ननदोई उसे तरह-तरह से प्रताड़ित कर रहे हैं। उसका आरोप है कि उसकी ननद और ननदोई ने उसके तीन साल के मासूम पुत्र अरुण का अपहरण कर लिया और कहीं छिपा दिया है। इसके अलावा उन्होंने घर में रखा सभी सामान, जेवरात और बाइक भी चोरी कर ली है। उसने बहादुरगढ़ थाने में तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की और महिला थाने में शिकायत देने की बात कही। पीड़ित ने पुत्र को बरामद कर उसके मकान से चोरी हुए सामान को वापस दिलाने की मांग की। एसपी संकल्प शर्मा ने बताया कि बहादुरगढ़ पुलिस को मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं।