बेलगाम कार ने बाइक को मारी साइड, युवक की मौत
गढ़मुक्तेश्वर। तेज रफ्तार कार की साइड लगने से बाइक पर पीछे बैठे युवक की मौत हो गई जबकि ड्राइविंग कर रहा उसका चचेरा भाई घायल हो गया। दोषी कार चालक के पकड़ में न आने से गुस्साए परिजन और ग्रामीणों ने खूब हंगामा किया।
गढ़ क्षेत्र के गांव अल्लाबख्शपुर निवासी रईस चौधरी का बेटा नौशाद रविवार सुबह अपने चचेरे भाई वसीम के साथ किसी काम से हापुड़ जा रहा था। नेशनल हाईवे पर सिंभावली की ओर जा रही ईको स्पॉर्ट कार ने कृषि उपमंडी समिति से करीब पांच सौ मीटर दूर सुबह 11 बजे बाइक को पीछे से साइड मार दी। इससे बाइक चला रहा वसीम कई मीटर दूर जाकर हाईवे की कच्ची साइड में जा गिरा, लेकिन पीछे बैठे नौशाद (22) की गर्दन में गहरी चोट लग गई। इससे खून का अधिक रिसाव होने पर कुछ ही देर में उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दोषी कार ड्राइवर समेत अन्य घटना स्थल से फरार हो गया।
ग्रामीण और परिजनों ने किया खूब हंगामा
नौशाद की मौत होने की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रोते बिलखते परिजनों समेत काफी संख्या में ग्रामीण कुछ ही देर में घटना स्थल पर पहुंच गए। दोषी चालक के पकड़ में न आने से नाराज पुलिस पर ढिलाई बरतने का आरोप लगाकर हंगामा करने लगे। इस बीच प्रधान फराहीम हारून, पूर्व प्रधान फारूख खां, भाकियू मंडल कार्यकारणी सदस्य शब्बू चौधरी, सपा नेता इखलाक रझैटी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने काफी मशक्कत के बाद मृतक के परिजन और ग्रामीणों को शांत कराया। उसके बाद पुलिस ने नौैशाद का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के चचेरे भाई वसीम ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसआई बिजेंद्र राठी और कस्बा चौकी इंचार्ज अनिल राणा ने बताया कि कार को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश कराई जा रही है, जिसे बहुत जल्द गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।