वाहनों की भिड़ंत में दंपती समेत 8 घायल, एक रेफर
गढ़मुक्तेश्वर। नेशनल हाईवे समेत अलग-अलग रास्तों पर हुईं वाहनों की भिड़ंत में दंपती समेत 8 घायल हो गए, जिनमें एक को मेरठ रेफर किया गया है।
जनपद मेरठ के किला परीक्षितगढ़ में रहने वाला आनंद बृहस्पतिवार की रात में पत्नी राधा के साथ स्याना में ममेरे भाई के घर से लौट रहा था तो गढ़-स्याना रोड पर गांव सालारपुर में पहंचते ही विपरीत दिशा से आ रही कार ने इनकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे पति-पत्नी घायल हो गए। दूसरी घटना शुक्रवार की सुबह करीब सात बजे ब्रजघाट गंगा पुल के पास हुई। वहां तेज रफ्तार केंटर ने दिल्ली से लौट रही कार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में कार चला रहे नरेंद्र सिंह समेत विजय, रोबिन और महेश निवासी बरेली घायल हो गए। तीसरी घटना गढ़ में हाईवे किनारे पर्यटन विभाग के राही होटल के सामने हुई, जहां हाईवे पर जा रही डग्गामार जीप ने बाइक को साइड मार दी। बाइक सवार लोकेश और उसका मामा विजय सिंह निवासी बुलंदशहर घायल हो गए, जो बेटी के रिश्ते के मकसद से गजरौला में लड़का देखकर वापस लौट रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को स्थानीय नर्सिंग होम में भर्ती करा दिया, जहां हालत बिगड़ती देख चिकित्सकों ने विजय को मेरठ रेफर कर दिया।