हापुड़। मोहम्मदपुर आजमपुर गांव निवासी रिटायर्ड कैप्टन के खाते से साइबर ठगों ने 1.40 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने मामले की शिकायत बैंक व पुलिस अधिकारियों से की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार मोहम्मदपुर आजमपुर निवासी बांकेलाल त्यागी सेना के रिटायर्ड अफसर हैं। उनका हापुड़ के गढ़ रोड पर पीएनबी में पेंशन खाता है। जबकि एक बचत खाता गांव में ही सर्व यूपी ग्रामीण बैंक में है।
उन्होंने कुछ दिन पूर्व एक लाख रुपये का चेक सर्व यूपी ग्रामीण बैंक में जमा कराया था। लेकिन रुपये नहीं आए। जिस पर वह शनिवार को बैंक पहुंचे तो पता चला कि उनके खाते से रुपये निकाल लिए गए हैं।
जिस पर वह हापुड़ बैंक पहुंचे, जहां उसने बैंक अधिकारियों से मामले की शिकायत की। उसने बताया कि उनके खाते से 21 मार्च से 9 अप्रैल तक एक लाख 40 हजार रुपये निकाले गए। जिस पर वह सन्न रह गए। उन्होंने लिखित में मामले की शिकायत कोतवाली पुलिस से की है। कोतवाली प्रभारी आरके सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।