सिंभावली। गांव हरोड़ा में ट्रांसफार्मर पर काम करने के दौरान शनिवार को करंट से झुलसे ऊर्जा निगम के संविदाकर्मी भीम उर्फ पप्पन (30 साल) निवासी गांव हरोड़ा की उपचार के दौरान मौत हो गई।
उनके भाई ने सहकर्मी पर शटडाउन के बावजूद रंजिशन लाइन चालू कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस जांच कर रही है। गांव हरोड़ा निवासी राकेश ने तहरीर में बताया है कि उनके भाई भीम हरोड़ा बिजलीघर पर संविदा लाइनमैन के पद पर कार्य करते थे।
राकेश का आरोप है उपकेंद्र पर तैनात एसएसओ गांव का ही रहने वाला युवक उनके भाई से रंजिश मानता है क्योंकि भीम ने आरोपी के अनैतिक कार्यों को लेकर जेई से कई बार शिकायत की थी।
पीडि़त ने बताया कि शनिवार की सुबह एक शिकायत पर आरोपी ने भीम गांव के जंगल में ट्रांसफार्मर पर काम करने के लिए भेजा। काम करने के लिए उन्होंने भरना बिजलीघर से शटडाउन लिया था, लेकिन आरोपी ने रंजिशन प्लेट हटाकर लाइन चालू कर दी। ट्रांसफार्मर पर काम कर रहे उनके भाई करंट से गंभीर रूप से झुलस गए।
पीडि़त का कहना है कि रंजिशन आरोपी युवक ने ही बिजली आपूर्ति चालू कर उनके भाई की हत्या की है।
सीओ राहुल यादव का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कराई जा रही है।