बाबूगढ़। थाना क्षेत्र स्थित एक कंपनी में काम करने वाले इंजीनियर ने वेतन मांगने पर उसे कमरे में बंधक बनाकर बेरहमी से पीटने का आरोप लगाया है। आरोप है कि हमलावरों ने बेल्ट और लात-घूंसों से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद हमलावर उसे बेहोश समझकर कमरे में छोड़ गए और बाहर से कुंडी बंद कर दी। पीड़ित ने फैक्टरी मालिक और साथी इंजीनियर समेत अन्य लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
दर्ज रिपोर्ट में मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के प्रकाश बम्होरी निवासी दीपक तिवारी ने बताया कि वह पेशे से इंजीनियर है। वह थाना बाबूगढ़ क्षेत्र स्थित एक कंपनी में काम करता था। कंपनी मालिक ने उसे रहने के लिए कमरा भी उपलब्ध कराया था। उसने आठ अक्तूबर से एक नवंबर तक कंपनी में काम किया। इस दौरान उसका कुल 32 हजार रुपये वेतन बना था, जिसमें से 17 हजार रुपये मिल चुके थे और 15 हजार रुपये बकाया थे।
आरोप है कि उसने जब कंपनी मालिक यह बकाया नहीं दिया। दो नवंबर को वह कंपनी से निकलकर अपने कमरे पर पहुंचा था। आरोप है कि इसके करीब एक घंटे बाद दूसरा इंजीनियर अपने चार अज्ञात साथियों के साथ वहां पहुंचा। सभी ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। आरोप है कि पांचों ने लात-घूंसों से उसे जमकर पीटा। जिससे वह बेहोश होकर सड़क पर गिर गया। तीन नवंबर को उसने थाने पहुंचकर तहरीर दी और आरोपियों के खिलाफ बंधक बनाने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में कार्रवाई की मांग की। सीओ दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि इंजीनियर की ओर से तहरीर मिली है। जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।