हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत कलेक्शन एजेंट ने दो बाइक सवार बदमाशों पर 1.19 लाख रुपये लूटने की झूठी सूचना पुलिस को दी। लेकिन पुलिस की जांच में मामला फर्जी निकला। पुलिस ने आरोपी एजेंट की निशानदेही पर 1.19 लाख रुपये बरामद कर लिए हैं। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
सीओ जितेंद्र कुमार ने बताया कि बुलंदशहर जनपद के गांव औरंगाबाद निवासी सौरभ राजपूत भारत फाइनेंस कंपनी सिंभावली में कलेक्शन एजेंट के रूप में कार्यरत है। सोमवार शाम उसने 112 पर सूचना दी कि वह अपनी बाइक से बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के रामपुरा बनखंडा रोड पर पहुंचा तो बाइक सवार दो बदमाशों ने हथियारों के बल पर उसे रोक लिया और उससे 1.19 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। लूट की सूचना मिलते ही पुलिस में अफरा-तफरी मच गई।
आनन फानन में बाबूगढ़ थाना प्रभारी विजय कुमार गुप्ता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच करते हुए आसपास के क्षेत्र में बदमाशों की तलाश शुरू की, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल तेज की। कंपनी के ब्रांच मैनेजर मागोरी पोस्ट फलावदा जनपद मेरठ निवासी आलोक देशपाल व अन्य लोग भी थाने पहुंच गए और घटना के संबंध में पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने देर रात मुकदमा भी दर्ज कर लिया।
थाना प्रभारी विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने मामले की गहनता से जांच की तो सौरभ राजपूत पर शंका हुई। वह बार-बार अपने बयान बदल रहा था। जिसके बाद पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उसने सच्चाई बता दी। उसने बताया कि कंपनी का 30 हजार रुपये उसने एक व्यक्ति को उधार दिया था। उसे ये रुपये नहीं मिले। इसके अलावा कंपनी के करीब 45 हजार रुपये भी उसने खर्च कर लिए थे। कंपनी के 75 हजार रुपये कम होने के कारण वह परेशान हो रहा था, इसी को लेकर उसने लूट की फर्जी सूचना देकर रुपये हड़पने की योजना बनाई थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। रुपये भी उसके घर से बरामद कर लिए गए हैं।