चंडी रोड पर बारिश में छाता लगाकर सड़क पर जाती युवतियां। संवाद
हापुड़। पिछले दो दिनों से शाम के समय अचानक मौसम बदलने से लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है। मंगलवार को दिन में बादल छाए रहे और शाम को बूंदाबांदी देखने को मिली, इससे न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह के अंत में फिर से मौसम में बदलाव का अनुमान है।
मार्च माह के अंतिम दिन भी मौसम में परिवर्तन देखने को मिला। सुबह से ही बादलों और धूप के बीच लुकाछिपी का खेल चलता रहा। हालांकि सोमवार शाम हुई बारिश के बाद मंगलवार को धूप की तपिश भी कम महसूस हुई। शाम तक बादलों की आवाजाही का सिलसिला जारी रहा। शाम पांच बजे आकाश में काले बादल छा गए और बूंदाबांदी भी शुरू हो गई, जिससे मौसम सुहाना हो गया।
दो दिनों से मौसम में हो रहे बदलाव के बाद मंगलवार को अधिकतम तापमान एक डिग्री गिरावट के साथ 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान तीन डिग्री लुढ़क कर 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शाम के समय मौसम परिवर्तन के बाद रात में भी लोगों को गर्मी से राहत मिली। इस सप्ताह के अंत में भी बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अशोक कुमार का कहना है कि सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। शनिवार को भी आकाश में बादल छाए रहने के साथ ही बूंदाबांदी का भी अनुमान है, जिससे तापमान में भी गिरावट देखने को मिल सकती है।