हापुड़। जेएमएस क्रिकेट अकादमी के मैदान पर रविवार को क्लासिक क्रिकेट क्लब हापुड़ और तगासराय टीम इलेवन के बीच टी-20 मैच खेला गया। मैच में क्लासिक क्रिकेट क्लब ने तीन विकेट से जीत हासिल की।
पहले बल्लेबाजी करते हुए तगासराय टीम इलेवन के खिलाड़ियों ने निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट खोकर 189 रन बनाए। इसमें बिंद्रा ने 90 रन, चीकू ने 31 रन, ऑगी ने 32 रन का योगदान दिया। क्लासिक क्रिकेट क्लब की तरफ से गेंदबाजी करते हुए रोहित ने चार ओवर में 27 रन देकर दो विकेट, भारत सिंह बाना ने तीन ओवर में 35 रन देकर दो विकेट और सरफराज ने तीन ओवर में 31 रन देकर दो विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरे क्लासिक क्रिकेट क्लब के खिलाड़ियों ने 19.3 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर निर्धारित लक्ष्य हासिल कर तीन विकेट से मैच जीत लिया। इसमें मोहम्मद एहतेशाम ने 38 रन, साजिद कुरैशी ने 43 रन, फैज अहमद ने नाबाद 36 रन, रिहान कुरैशी ने 34 रन का योगदान दिया। तगासराय टीम इलेवन की तरफ से गेंदबाजी करते हुए रजनीश ने चार ओवर में 24 रन देकर चार विकेट हासिल किए। प्रशांत त्यागी, अमित और मोनू ने भी एक एक विकेट हासिल किया। मैच में सरफराज को प्लेयर ऑफ द मैच, बिंद्रा को बेस्ट बैटर, रजनीश को बेस्ट बॉलर का खिताब दिया गया।