हापुड़। जनपद में आठ साल बाद जमीनों के सर्किल रेट बढ़ाए गए हैं। जिलाधिकारी की अंतिम मुहर के बाद अब एक अगस्त से नई दरों पर जमीन के बैनामे होंगे। जनपद में सबसे अधिक 30 प्रतिशत की वृद्धि धौलाना तहसील क्षेत्र में हुई है। नए रेट पर बैनामे होने से उप निबंधक कार्यालय का करीब 20 प्रतिशत तक राजस्व बढ़ेगा।
इस वर्ष मई में सर्किल रेट बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू हुई थी। इसके बाद उप निबंधक कार्यालय ने वर्तमान प्रभावी सर्किल दर को पुनरीक्षित कर सूची चस्पा करते हुए चार जून तक आपत्तियां मांगी थीं। जुलाई में आपत्तियों का निस्तारण किया गया। इसके बाद पहले 21 जुलाई से सर्किल रेट बढ़ने थे, लेकिन विभागीय मामलों के कारण एक अगस्त से रेट बढ़ाने का निर्णय लिया गया था।
जनपद में बढ़ेंगे जमीनों के दाम
सर्किल रेट बढ़ने का अर्थ साफ है कि जनपद में प्रॉपर्टी के दामों में भी उछाल आएगा। सबसे अधिक असर कृषि भूमि पर पड़ेगा। इन दिनों जिले में कृषि भूमि के खरीदारों की मांग अधिक है।
तीनों तहसीलों में अलग-अलग दाम बढ़े
उप निबंधक कार्यालय के अनुसार हापुड़ तहसील क्षेत्र के शहरी इलाके में करीब 20 व ग्रामीण क्षेत्र में अलग-अलग हिस्सों में 10 से 15 प्रतिशत, गढ़मुक्तेश्वर के आधे हिस्से में पांच से 10 प्रतिशत और धौलाना तहसील के शहरी इलाके में 20 प्रतिशत व ग्रामीण इलाके में 25 से 30 प्रतिशत तक प्रस्तावित दरें बढ़ाई गई हैं। प्रस्तावित दरों को ही अधिकारियों ने अंतिम रूप दिया है। वहीं, गढ़ में सबसे कम दाम बढ़ने से वहां भूमि की खरीद बढ़ेगी। हरिद्वार की तर्ज पर ब्रजघाट के विकास को गति मिलेगी। वहीं, बहादुरगढ़ क्षेत्र में यूपीडा का औद्योगिक क्षेत्र, एचपीडीए की बाबूगढ़ में हरिपुर आवासीय योजना और अन्य जगहों पर नए सर्किल रेटों को लागू नहीं किया जाएगा। यहां तक कि कुछ स्थानों पर इन्वेस्टर्स समिट के प्रस्ताव हैं। इसमें गढ़ तहसील के आधे हिस्से को शामिल किया गया है।
कार्यालय उप निबंधक सदर प्रथम हापुड़ तहसील
मोहल्ला वर्तमान दरें पुनरीक्षित दरें
तारामिल 23000 27600
अशोक कॉलोनी 24000 28800
आनंद विहार 11500 14000
कलक्टर गंज 20000 24000
जवाहर गंज 12500 15000
कार्यालय उप निबंधक सदर द्वितीय हापुड़ तहसील
मोहल्ला वर्तमान दरें पुनरीक्षित दरें
इंद्रलोक कॉलोनी 22000 26400
किशन गंज 22000 26400
खुर्जा पेंच 19000 22800
भगवती गंज 22000 26400
शिवपुरी 20000 24000
कार्यालय उप निबंधक गढ़मुक्तेश्वर
मोहल्ला वर्तमान दरें पुनरीक्षित दरें
ब्रजघाट
8400 8800
आलमगीरपुर 6300 6600
अल्लाबख्शपुर 6300 6600
बक्सर 5000 5200
बागड़पुर 7600 8000
कार्यालय उप निबंधक धौलाना
मोहल्ला वर्तमान दरें पुनरीक्षित दरें
अग्रसेन मार्केट फरीदनगर रोड 8500 11000
कृष्णगंज गांधी बाजार 16000 20800
गढ़ मोहल्ला 6000 7800
चाह डिब्बा 13000 16900
धोबीघाट 7000 9100
(नोट : कॉलोनियों व मोहल्लों के यह रेट हजार रुपये प्रति गज में हैं। सर्किल रेट निबंधन कार्यालय से लिया गया है।)
कोट -
जिले में आठ साल बाद जिलाधिकारी और उच्च अधिकारियों के आदेश पर सर्किल रेट बढ़े हैं। तीनों तहसील क्षेत्रों में अलग-अलग रेट बढ़ाए गए हैं। एक अगस्त से नए रेट पर ही बैनामे होंगे। कार्यालय आकर सभी अपने-अपने क्षेत्रों की सूची देख सकते हैं। - सुनील सिंह, एआईजी स्टाम्प