हापुड़। जिले में अब चाइनीज मांझे की बिक्री करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। मुख्यमंत्री के आदेश के बाद एसपी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
सड़क पर वाहन चलाते समय चाइनीज मांझे की चपेट में आकर बहुत से लोग चोटिल हुए हैं। घटना के बाद जिले में अधिकारी अभियान चलाते, जो कुछ ही दिनों में ठंडा पड़ जाता। ऐसे में बाजारों के अंदर धड़ल्ले से चाइनीज मांझे की बिक्री हो रही है। अब सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चाइनीज मांझे की बिक्री रोकने को लेकर सख्त रुख अपनाया है। एसपी ने शुक्रवार को जिलेभर के थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि किसी भी क्षेत्र में चाइनीज मांझा नहीं बिकना चाहिए। यदि कोई दुर्घटना होती है तो इसकी जवाबदेही संबंधित थाना प्रभारी की होगी।
पूर्व में हुई घटनाएं
* 25 सितंबर को बाबूगढ़ छावनी में रसूलपुर निवासी राहुल की गर्दन कटी, 15 टांके आए।
* 27 जनवरी 2025 को पुराने नेशनल हाईवे पर बक्सर ओवरब्रिज पर चाइनीज मांझे की चपेट में आने से बाइक सवार रिजवान निवासी गंदू नंगला की गर्दन कट गई थी। जहां उपचार के दौरान उन्हें 27 टांगे लगे थे।
* एक फरवरी 2025 को गांव कस्तला निवासी सोनू गढ़ से बाइक पर सवार होकर वापस घर लौट रहे थे। सिंभावली के निकट चाइनीज मांझा की चपेट में आने से उनकी छह वर्षीय बेटी दिव्या घायल हो गई थी।
* अक्तूबर 2025 माह में शहर के तहसील चौराहे के पास चाइनीज मांझे की चपेट में आकर बाइक पर जा रही 12 वर्षीय बच्ची इंशा के गर्दन और उंगली में गहरे घाव हो गए थे।
* मई 2025 में पिलखुवा के जटपुरा में रुद्र तोमर का चाइनीज मांझे से कान कट गया, जिससे वह गिरकर घायल हो गए थे।
चीन के मांझे से ऐसे करें बचाव
* दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करें।
* गले पर कोई कपड़ा जरूर लपेटकर रखें।
* मांझा टच हो तो तत्काल वाहन रोक दें।
* बाइक के आगे तार बांधकर चलें।
* बच्चों को आगे बैठाएं तो उसका चेहरा व गला भी कपड़े से अच्छी तरह ढक दें।
* पेड़, तार, छत या अन्य स्थान पर चाइनीज मांझा या पतंग लटकी दिखाई दें तो उसे तत्काल हटा दें।
कोट -
समस्त थाना प्रभारियों को निर्देशित कर दिया है कि कहीं चाइनीज मांझे की बिक्री न हो पाए। थानों से टीमों का गठन करने और विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं ।ज्ञानंज्य सिंह, एसपी हापुड़।