पिलखुवा (हापुड़)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा, बसपा और कांग्रस ने उत्तर प्रदेश को दंगा और कर्फ्यू की चपेट में ला दिया था। महीने-महीने कर्फ्यू लगता था, आज कर्फ्यू नहीं धूम धड़ाके के साथ कांवड़ यात्रा निकलती है। बेटी और व्यापारी दोनों सुरक्षित हैं। वह बृहस्पतिवार को पिलखुवा के रामलीला मैदान में भाजपा प्रत्याशी अतुल गर्ग के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कल आपने अयोध्या धाम में देखा होगा कि सूर्य वंश शिरोमणि मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम को दोपहर में ठीक 12 बजे भगवान सूर्य की किरणों से कैसे अभिषेक किया गया। यह दृश्य देख पूरा सनातन भारत गौरव से अभिभूत हो रहा था। यहअद्भुत क्षण हम सबके सामने कैसे आया, यह किसी से छिपा हुआ नहीं है। इस प्रकार के क्षण बार-बार हमारे जीवन में आएं, इसी का आह्वान करने के लिए आज इस क्षेत्र में आया हूं।उन्होंने कहा कि पूरे देश के अंदर एक ही लहर एक ही स्वर गूंज रहा है। जनता की आवाज आज देश की आवाज बन रही है, यह आवाज है फिर एक बार मोदी सरकार, अबकी बार 400 पार। आज इस नए भारत का दुनिया में सम्मान बढ़ रहा है। नए भारत की सीमाएं सुरक्षित हैं। आतंकवाद और नक्सलवाद नियंत्रित हुआ है, अराजकता नियंत्रित हुई है।
उन्होंने कहा कि जहां भारत 80 करोड़ लोगों को फ्री में राशन दे रहा है, वहीं पाकिस्तान में 22 करोड़ लोग भूखे मरने की कगार पर हैं। जितनी पाकिस्तानी की आबादी है, उससे अधिक लोगों को यहां फ्री में राशन दिया जा रहा है। यह जो परिवर्तन आपको देखने को मिल रहा है, इसका कारण पीएम नरेंद्र मोदी हैं। उन्होंने लोगों से पूछा कि कांग्रेस, बसपा और सपा की सरकारें होतीं तो क्या यह हो पाता, राम मंदिर का निर्माण करवा पाते, जम्मू कश्मीर में धारा 370 हटवा पाते।
रैपिड रेल शुरू, अब मेट्रो की बारी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दिल्ली से मेरठ के बीच दस लेन का हाईवे बन चुका है। रैपिड रेल का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। मेट्रो भी अगले साल तक मेरठ में चलेगी। 2014 से पहले देश के पांच शहरों में मेट्रो दौड़ती थी। आज देश के 30 शहरों में मेट्रो दौड़ रही है। यूपी के गाजियावाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, आगरा, कानपुर समेत कई शहरों में मेट्रो चल रही है। इस वर्ष के अंत तक मेरठ में मेट्रो दौड़ने लगेगी। इस अवसर पर भाजपा के क्षेत्रीय मंत्री सतेंद्र सिसौदिया, जिलाध्यक्ष नरेश तोमर, लज्जारानी गर्ग, क्षेत्रीय विधायक धर्मेश तोमर, जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर, विभू बंसल आदि मौजूद रहे।
साठा चौरासी को साधने का प्रयास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाषण के शुरुआत में ही साठा चौरासी की धरती और यहां के बलिदानियों को नमन किया। कहा कि रामनवमी से अगले दिन ही उन्हें इस क्षेत्र में आने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने सभी से भाजपा को वोट करने की अपील की। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से चुनाव तक वोट संजोने की आह्वान किया।
पिलखुवा के हस्तशिल्प से शुरू किया भाषण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिलखुवा अपनी अद्भुत हस्तशिल्प के लिए जाना जाता है। यहां का हैंडलूम दिल्ली, गुड़गांव, नोएडा और एनसीआर में विख्यात है। यहां के हस्तशिल्पियों और कारीगरों ने अपने हुनर का लोहा मनवाया है। उन्होंने प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में क्षेत्र के 16 बलिदानियों के अलावा शिक्षाविद् स्वर्गीय मेघनाथ सिंह सिसौदिया और साहित्यकार स्वर्गीय शिवकुमार गोयल को नमन करते हुए अपने भाषण की शुरुआत की।