हापुड़। जिले में चेक का क्लोन बनाकर खाते से रकम निकालने वाला गिरोह सक्रिय है। शिवपुरी निवासी सुशील के चेक से दो लाख रुपये निकालने के बाद एक और चेक का क्लोन बनाकर डेढ़ लाख रुपये की रकम निकाली गई है। मामले में पीड़ित ने एसपी से शिकायत की है। एसपी ने मुकदमा दर्ज कर जांच के आदेश दिए हैं।
गढ़ रोड स्थित राज इलेक्ट्रानिक्स कंपनी के प्रोपरइटर सुशील कुमार सिंघल ने बताया कि फर्म के जरिए वह विद्युत उपकरणों की थोक व फुटकर स्तर पर बिक्री करते हैं। 18 अक्तूबर को थाना देहात क्षेत्र के गांव धनौरा स्थित अभियुध्य संस्थान को 330492 रुपये के विद्युत उपकरण बेचे थे। भुगतान की एवज में संस्थान की तरफ से 1.50 लाख रुपये का बैंक चेक दिया गया था। जिसे उन्होंने नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला त्रिवेणी गंज के पास एक बैंक की शाखा में फर्म के खाते में जमा कराया था। चेक का भुगतान न होने पर 27 अक्तूबर को बैंक पहुंंचे तो अधिकारियों ने बताया कि उसका भुगतान कर दिया गया है। 20 अक्तूबर को राजकुमार नामक व्यक्ति ने दूसरे बैंक की हापुड़ शाखा से भुगतान प्राप्त कर लिया है। इसके बाद से बैंक के अधिकारियों से जानकारी कर रहे हैं, लेकिन कोई उचित जवाब नहीं दे रहा है। उन्होंने आरोप लगाया है कि बैंक अधिकारियों की मिलीभगत से चेक चोरी कराकर उसका भुगतान करा दिया है। उन्होंने मामले की शिकायत एसपी से की है। एसपी अभिषेक वर्मा का कहना है कि मामले में जांच कराई जा रही है। बैंक के कर्मचारियों से भी पूछताछ की जाएगी। रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी