घायलों के परिजन पहुंचे फैक्टरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना शाम करीब छह बजे की है। केमिकल फैक्टरी में काम करने के दौरान अचानक ड्रम फट गया। इस दौरान केमिकल की तीव्र दुर्गंध से मजदूरों की हालत बिगड़ गई। सूचना मिलते ही घायलों के परिजन फैक्टरी पहुंचे और किसी तरह उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
मौके से भागा प्रबंधन
आरोप है कि प्रबंधन मौके से फरार हो गया और गंभीर रूप से घायल हुए मजदूरों को प्राथमिक उपचार तक नहीं दिलाया गया। मजदूरों को बचाने के चक्कर में फैक्टरी का सुरक्षा कर्मी गालंद निवासी सुमित चौहान की हालत चिंताजनक बनी हुई है, उसे पिलखुवा के रामा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य मजदूरों को भी इलाज के लिए उनके परिजन विभिन्न अस्पतालों में ले गए हैं। हालांकि उनकी जानकारी नहीं मिल सकी।
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र सिंह बिष्ट मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच की। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि इस संबंध में अभी तक किसी भी पक्ष से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। फैक्टरी मालिकों और अन्य बेहोश हुए मजदूरों की जानकारी की जा रही है। जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।