हापुड़। दिल्ली रोड पर पेट्रोल पंप के सामने बृहस्पतिवार को एक ब्रांडेड फूड कंपनी के कर्मचारियों ने सबमर्सिबल लगाने के लिए सड़क की खोदाई शुरू कराई। इस दौरान नीचे से गुजर रही गैस पाइपलाइन फट गई। पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के बाद तेज दबाव के साथ कई फीट ऊंची गैस निकलने लगी। इससे स्थानीय निवासियों में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों में कैद हो गए। आसपास मौजूद लोगों में गैस रिसाव को लेकर दहशत फैल गई। इससे आसपास के क्षेत्र में बदबू फैल गई।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि सड़क किनारे सबमर्सिबल लगाने के लिए खोदाई का काम किया जा रहा था। इसी दौरान नीचे से गुजर रही आईजीएल की गैस पाइपलाइन इसकी चपेट में आकर फट गई। पाइपलाइन फटते ही तेज आवाज के साथ गैस का रिसाव शुरू हो गया। प्रेशर अधिक होने के कारण गैस काफी ऊंचाई तक निकलती दिखाई दी, जो बिल्डिंग के बाहरी हिस्से से जाकर टकरा रही थी।
घटना की सूचना मिलने पर आईजीएल कंपनी की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू की और गैस रिसाव पर काबू पाया। इस दौरान आसपास के लोगों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई।
घटना के कारण कुछ समय के लिए दिल्ली रोड पर लोगों में दहशत का माहौल रहा। गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। टीम ने पाइपलाइन को हुए नुकसान का निरीक्षण किया। वहीं, खोदाई से पहले भूमिगत गैस पाइपलाइन की स्थिति की जानकारी नहीं किए जाने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
मामले में एसडीएम प्रेमपाल सिंह का कहना है कि मामले की जानकारी मिली है। कंपनी के अधिकारियों की शिकायत पर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।