हापुड़। श्री चंडी मंदिर परिसर में नौ जून को एक व्यक्ति द्वारा नमाज पढ़े जाने के प्रकरण में मंदिर समिति ने सर्व सम्मति से मंदिर के पुजारी मुन्ना लाल तिवारी को निष्कासित कर दिया था। इस मामले में पुजारी के पक्ष में विभिन्न संंगठन उतर आए हैं।
केसरिया हिंदू वाहिनी के जिलाध्यक्ष यशवर्धन त्यागी ने बताया कि समिति के पदाधिकारियों ने वर्षों से मंदिर में अपनी सेवा दे रहे पुजारी पर गलत कार्रवाई की है। इस कृत्य के लिए मंदिर के पुजारी जिम्मेदार नहीं हैं। उन्हें राजनीति के तहत हटाया गया है। उनके पक्ष में सोमवार को शहर और बाहर की विभिन्न 13 संगठनों ने पत्र जारी किया है। इनमें हापुड़ बार एसोसिएशन, गाजियाबाद बार एसोएिशन, टैक्स बार एसोसिएशन हापुड़, युवा अधिवक्ता संघ हापुड़, अखिल भारत वर्षीय ब्राह्मण समिति, सीनियर सिटीजन कल्याण समिति, भगवान परशुराम युवा मंच, हापुड़ टैंट व्यापार एसोसिएशन, एफसीआई रिटायर्ड आफिसर्स एसोसिएशन व अखिल भारतीय युवा क्षत्रिय राजपूत महासभा शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मंदिर समिति के पदाधिकारियों से वर्ता की जा रही है। समिति को पुजारी की बहाली के लिए तीन दिन का समय दिया गया है। श्री चंडी मंदिर समिति के मंत्री सत्यप्रकाश अग्रवाल का कहना है कि समिति के पदाधिकारियों की सहमति से मंदिर के पुजारी के निष्कासन का निर्णय लिया गया है।