हापुड़। बाराबंकी-गोंडा रेलखंड में चल रहे मेगा ब्लॉक की वजह से ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो रहा है। सोमवार को चंपारण सत्याग्रह एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन निरस्त रहा, जबकि गरीब रथ, नौचंदी, इंटरसिटी एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनें भी अपने निर्धारित समय से देरी से रेलवे स्टेशन पर आई। सुबह के समय ट्रेनों की लेटलतीफी के कारण दैनिक यात्री ज्यादा परेशान हुए।
बापूधाम मोतिहारी जंक्शन से आनंद विहार टर्मिनल को जाने वाली चंपारण सत्याग्रह एक्सप्रेस निरस्त रही। गोंडा-बाराबंकी के बीच मेगा ब्लॉक के चलते यह ट्रेन दो जुलाई को भी निरस्त रहेगी। सहरसा जंक्शन से अमृतसर जंक्शन को जाने वाली गरीब रथ एक्सप्रेस छह घंटे, प्रयागराज से सहारनपुर को जाने वाले नौचंदी एक्सप्रेस 2.50 मिनट, मुरादाबाद से गाजियाबाद जाने वाली मेमू 3.30 मिनट देरी से स्टेशन आई।
इनके अलावा रक्सौल से आनंद विहार टर्मिनल जाने वाली सत्याग्रह एक्सप्रेस 1.20 मिनट, बरेली से नई दिल्ली जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस 50 मिनट, डिबरूगढ़ से लालगढ़ जंक्शन जाने वाली अवध-असम एक्सप्रेस 40 मिनट, बरेली से भुज जाने वाली आला हजरत एक्सप्रेस आधा घंटा, टनकपुर से दिल्ली जंक्शन जा रही पूरनगिरि जनशताब्दी एक्सप्रेस आधा घंटा देरी से रेलवे स्टेशन पहुंची। ट्रेनों के इंतजार में रेलयात्री परेशान रहे।
मुरादाबाद रेल मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता का कहना है कि मेगा ब्लॉक और मौसम के कारण ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा। जल्द ही संचालन में सुधार होगा।