हापुड़। नगर कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ के बाद शातिर चेन लुटेरे को गिरफ्तार किया है। पैर में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। पुलिस का दावा है कि हाल ही में आरोपी ने पब्लिकेशन व्यापारी और महिला के साथ चेन लूट की घटना को अंजाम दिया था। आरोपी के पास से तमंचा, कारतूस और स्कूटी बरामद की है।
सीओ जितेंद्र कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार देर शाम कोतवाली पुलिस टीम संदिग्ध लोगों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी सूचना मिली कि फ्रीगंज रोड पर गेट नंबर 73 के पास से एक युवक किसी वारदात को अंजाम देने की साजिश में घूम रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मुस्तैद हो गई। इसी दौरान एक संदिग्ध आता दिखाई दिया। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो आरोपी ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की तो आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया।
घायल बदमाश की पहचान जनपद गाजियाबाद के लोनी निवासी मोहम्मद आमीर कुरैशी के रूप में हुई है, जो हाल में थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के मोहल्ला चैनापुरी में रहता है। आरोपी से पूछताछ करने पर उसने बताया कि उसनेे 18 दिसंबर को कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला राजेंद्र नगर में पब्लिकेशन व्यापारी सुमित व थाना हापुड़ देहात क्षेत्र में एक महिला की चेन लूटी थी। उन्होंने बताया कि आरोपी के कब्जे से 13500 रुपये, एक चेन, तमंचा, कारतूस और स्कूटी बरामद की है।