गढ़मुक्तेश्वर। मंगलवार सुबह करीब दस बजे अल्लाबख्शपुर रेलवे फाटक के पास बरेली से भुज जाने वाली ट्रेन संख्या 14311 आलाहजरत एक्सप्रेस अचानक रुक गई। ट्रेन के अचानक रुकने से यात्रियों में हडक़ंप मच गया और लोग कोच से बाहर झांककर स्थिति समझने की कोशिश करने लगे।
ट्रेन सामान्य गति से गुजर रही थी, ब्रजघाट गंगा पुल पार करते ही किसी ने चेन पुलिंग कर दी, जिसके चलते ट्रेन को बीच रास्ते में रोकना पड़ा। अचानक ब्रेक लगने से यात्रियों में घबराहट फैल गई। कुछ यात्रियों ने आशंका जताई कि कहीं कोई हादसा तो नहीं हो गया, जबकि कई लोग अपने परिजनों को फोन कर स्थिति की जानकारी देने लगे। करीब दो मिनट तक ट्रेन फाटक के पास खड़ी रही, जिसके बाद स्थिति सामान्य होने पर ट्रेन को पुनरू रवाना कर दिया गया। इस दौरान रेलवे स्टाफ ने भी सतर्कता बरती और स्थिति पर नजर बनाए रखी। स्टेशन अधीक्षक शिवमूर्ति सिंह ने बताया कि चेन पुलिंग के कारण ट्रेन को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा था। लगभग दो मिनट बाद स्थिति सामान्य होने पर ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया।