हापुड़। सीसीएसयू से संबद्ध जिले के डिग्री कॉलेजों में शनिवार को यूजी और पीजी में प्रवेश के लिए तीसरी वरियता सूची चस्पा की गई। प्रवेश से वंचित छात्रों को इस मेरिट से राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि एसएसवी कॉलेज में बीएससी बॉयो की मेरिट अब भी 78.4 फीसदी अंकों पर लगी है।
स्नातक और परास्नातक कोर्सों में प्रवेश की प्रक्रिया चालू है। विश्वविद्यालय के निर्देश पर शुरुआती दो मेरिट बेहद ऊंचे अंकों पर लगीं, ऐसे में कम अंक वाले छात्रों को प्रवेश नहीं मिल सके। अब शनिवार को तीसरी मेरिट लिस्ट जारी की गई। यह मेरिट ज्यादा नीचे अंकों पर तो नहीं लगी है लेकिन कुछ राहत जरूर मिली है।
मेरिट में शामिल छात्रों को 31 अगस्त से प्रवेश दिए जाएंगे। यह प्रक्रिया दो दिन तक जारी रहेगी। यूजी के साथ-साथ पीजी कोर्सों में भी दाखिले लिए जा सकेंगे।
एसएसवी कॉलेज में चस्पा स्नातक की मेरिट
कोर्स सामान्य ओबीसी एससी
बीए 64.6 61.6 63.6
बी.कॉम 67.7 64.4 63.00
बीएससी गणित 72.6 70.6 71.6
बीएससी बॉयो 78.4 77.8 76.4
स्नातक और परास्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए तीसरी वरियता सूची जारी कर दी गई है। 31 अगस्त से चयनित छात्र प्रवेश ले सकेंगे। - प्रो.नवीन चंद्र, प्राचार्य एसएसवी पीजी कॉलेज