हापुड़। सीबीएसई की बोर्ड परीक्षाएं 15 फरवरी से शुरू होंगी। पहले दिन दसवीं के छात्र अंग्रेजी विषय का पेपर देंगे, जबकि 12वीं के छात्रों की एंटरप्रेन्योरशिप की परीक्षा होगी। सभी 11 केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में सुबह 10:30 बजे से परीक्षा शुरू होगी।
इस बार छात्रों को मुख्य विषयों के पेपरों के बीच काफी समय मिलेगा। छात्रों के हित को ध्यान में रख बोर्ड ने परीक्षा का लंबा कार्यक्रम बनाया है। इसमें दसवीं के छात्रों की हिंदी विषय की परीक्षा 28 फरवरी को है, जबकि इसके बाद गणित की परीक्षा 10 मार्च को होगी। गृह विज्ञान की परीक्षा 18 मार्च को होगी।
उसी तरह 12वीं में भौतिक विज्ञान की परीक्षा 21 फरवरी को होगी, इसके बाद रसायन विज्ञान की परीक्षा छह दिन बाद 27 फरवरी को होगी। गणित की परीक्षा आठ मार्च को होगी। कुल मिलाकर मुख्य पेपरों के बीच पांच से सात दिन तक का अंतर रखा गया है। यूपी बोर्ड में छात्रों को एक दिन में ही दो मुख्य पेपर भी देने होंगे।
बहरहाल, सीबीएसई की परीक्षाओं को लेकर 11 केंद्र बनाए गए हैं। जिनमें परीक्षाओं की तैयारियां पूरी हो गई हैं। हर केंद्र को कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है। ऐसे में नकलविहीन परीक्षाएं संपन्न होगी। सुरक्षा के लिहाज से हर केंद्र पर पुलिस बल भी मुस्तैद रहेगा।
इस बार की परीक्षा में दसवीं के 4809 और 12वीं के 3345 छात्र पंजीकृत हैं, कुल दोनों कक्षाओं के 8154 छात्र परीक्षा में भाग लेंगे। डीएम ने केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं को लेकर निर्देशित किया है।
इन केंद्रों पर होगी परीक्षा-
एलएन पब्लिक स्कूल, डीएम पब्लिक स्कूल, श्रीमती ब्रह्मादेवी, दीवान पब्लिक स्कूल, बेतहेस्दा, सेंट एंथनी, विब्ग्योर इंटरनेशनल स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल, आरएसएम, अर्वाचीन, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय।
शांतिपूर्वक संपन्न कराई जाएगी परीक्षा
सीबीएसई की परीक्षा जिले के समस्त केंद्रों पर नकलविहीन व शांतिपूर्वक संपन्न कराई जाएगी। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। 15 फरवरी से परीक्षाएं शुरू होंगी। - मीना आनंद, प्रधानाचार्य डीपीएस।