गढ़मुक्तेश्वर। कार्तिक पूर्णिमा मेले में पशुओं की दौड़ रुकने का नाम नहीं ले रही है, जबकि पुलिस प्रशासन सख्त रुख अपनाए हुए है। बृहस्पतिवार की रात भी मेला मार्ग पर पशु दौड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। हालांकि वह किस समय की है इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है।
कार्तिक पूर्णिमा मेले के शुरू होने से पहले ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों के अधिकारियों को मेले के दौरान होने वाली पशु दौड़ को रोकने के लिए पत्राचार किए थे। इसमें पुलिस की मेहनत भी रंग लाई, लेकिन कुछ शरारती तत्वों ने पशुओं की दौड़ की। इस दौरान कोतवाली पुलिस ने करीब 50 से अधिक बुग्गियों को सीज किया। बृहस्पतिवार की रात को भी पशु दौड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। मामले में पुलिस के आला अधिकारियों ने वीडियो की जांच कर कार्रवाई करने की बात कहीं। सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि पशु दौड़ पर पूर्ण रूप से रोक लगाई हुई है। कुछ लोग ऐसा करने से बाज नहीं आ रहे है, जिनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।