संवाद न्यूज एजेंसी
गढ़मुक्तेश्वर। गांव सादुल्लापुर में एक आम के बाग में घुसे गोवंश पर बाग की देखरेख करने वाले ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। गोवंश गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के खेतों में काम करने वालों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
सादुल्लापुर निवासी सचिन ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि रविवार सुबह करीब 9 बजे वह अपने खेतों पर काम कर रहा था। इसी बीच एक गोवंश के कराहने की आवाज आई। जिसे सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए और पड़ोस में मौजूद आम के बाग में पहुंच गए। जहां पर एक गोवंश के पेट पर धारदार हथियार फंसा हुआ था। आम के बाग की देखरेख करने वालों को संदेह होने पर ग्रामीणों ने पकड़ लिया। पूछताछ के बाद पता चला कि दोनों आरोपियों ने ही गोवंश को बाग में घुसने पर धारदार हथियार से हमला किया है। जिसके बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने पशु चिकित्सक को सूचना देकर मौके पर बुलाया और गोवंश का उपचार कराया। वहीं दोनों आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया और कोतवाली भेज दिया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सोमवीर सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर पशु क्रूरता के मामले में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है, आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।