नोटबंदी से परेशान जनता सड़कों पर उतरने लगी है। सोमवार को गांव बदनौली स्थित सिंडीकेट बैंक में रुपये नहीं मिलने पर लोगों ने हंगामा कर दिया। भड़के लोगों ने मोदीनगर रोड पर जाम लगा दिया।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया। करीब 30 मिनट बाद यातायात सुचारू हुआ। जानकारी के मुताबिक सोमवार को गांव बदनौली स्थित सिंडीकेट बैंक की शाखा पर सुबह से लोग लाइनों में लगे हुए थे। 10 बजे बैंक खुलने पर कुछ लोगों को कैश दिया गया।
इसके बाद करीब 11 बजे बैंक कर्मियों ने नो कैश का नोटिस बोर्ड पर लगा दिया। नो कैश का नोटिस देखते ही सुबह से लाइन में लगे लोगों का गुस्सा भड़क उठा। लोगों ने बैंक अफसरों के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए मोदीनगर रोड पर जाम लगा दिया।
इस दौरान मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह से लोगों को समझाकर करीब 30 मिनट बाद जाम खुलवाया। वहीं, एलडीएम एपी चतुर्वेदी ने बताया कि कैश की कमी से ग्राहकों को परेशान होना पड़ रहा है।