पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र के पिलखुवा पुल पर तीन दिन पहले हुए सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत के मामले में पुलिस ने कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। हादसे में मृतक की पत्नी गंभीर रूप से घायल हुई थी, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
गाजियाबाद के थाना मसूरी क्षेत्र के गांव करीमनगर कटियार उर्फ आकलपुर निवासी सागर कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 17 जुलाई की शाम उनके पिता सतीश कुमार अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। आरोप है कि पिलखुवा पुल के पास पीछे से आई स्विफ्ट कार ने मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में सतीश कुमार की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। तहरीर में घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों का भी उल्लेख किया गया है।
मामले में सीओ मुनीश चंद्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।