पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत सरस्वती अस्पताल के नजदीक फ्लाईओवर पर मंगलवार शाम को दूध से भरे छह टायर कैंटर ने एक कार में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार दो लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार मंगलवार की शाम एक कार में सवार होकर पिलखुवा के साकेत मोहल्ला निवासी आकाश और गुनगुन पिलखुवा की तरफ जा रहे थे। तभी पीछे से आए एक दूध से भरे कैंटर की जोरदार टक्कर के बाद कार पलट गई। जिससे हाईवे पर यातायात रुक गया। मौके पर पहुंची पुलिस और मौजूद लोगों ने दोनों घायलों को कार से बाहर निकाला और रामा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
दोनों का उपचार चल रहा है । पुलिस ने परिजन को घटना की सूचना दे दी हैं। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर जाम लग गया। पुलिस ने कार को सड़क से हटवाया और दूध से भरे कैंटर को कब्जे में लेकर यातायात सुचारु कराया। फ्लाईओवर पर यातायात सामान्य हो गया। वही मौके पर कैंटर चालक नहीं मिला है।
सीओ मुनीश चंद्र ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु करा दिया गया है। कैंटर को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।