संवाद न्यूज एजेंसी
हाफिजपुर। थाना क्षेत्र में चितौली रोड पर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई। हादसे में कार सवार एक महिला और तीन साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई और छह लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस के अनुसार जिला मेरठ के सोहराब गेट निवासी अख्तर परिवार व अन्य लोगों के साथ कार में सवार होकर हाफिजपुर थाना क्षेत्र में चितौली रोड पर स्थित एक बैंक्वेट हाॅल में शादी समारोह में शामिल होने के लिए आ रहे थे। जैसे ही कार चितौली रोड पर बैंक्वेट हाॅल के पास पहुंची तो अचानक अनियंत्रित होकर एक पुलिया से टकरा गई।
हादसे में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर बैक्वेट हॉल से लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को कार से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के अनुसार हादसे में एक महिला साजिदा और तीन वर्षीय बच्चे अफान की मौत हो गई। जबकि काशिफा, फाइजा, अंजुम, सद्दाम, मुम्मताज, अख्तर, अरसान घायल हो गए। जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
सीओ अनीता चौहान ने बताया कि घायलों की हालत खतरे से बाहर है। हादसा किन कारणों से हुआ, इसकी जांच की जा रही है। जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।