हाफिजपुर। थाना क्षेत्र के अंतर्गत एनएच-9 स्थित जेएमएस स्कूल के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो बच्चों सहित आठ लोग घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। सभी घायल यहां से प्राथमिक उपचार के बाद अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए।
थाना प्रभारी विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि जिला बिजनौर के गांव नूरपुर निवासी मुजम्मिल किराए पर टैक्सी चलाता है। बृहस्पतिवार को वह कार से बिजनौर के गांव अमहैड़ा निवासी मुमताज अहमद, फुरकान, फूलजहां, कासिम, करीम (3), अयान(2) व त्रिलोक चंद के साथ दिल्ली के आनंद विहार गया था। शाम को लौटते वक्त जैसे ही उनकी कार एनएच-9 स्थित जेएमएस स्कूल के पास पहुंची तो अनियंत्रित होकर पलट गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को एंबुलेंस से स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। थाना प्रभारी ने बताया कि अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराने के बाद सभी लोग अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए। इस मामले में उन्हें कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।