गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव सदरपुर में स्याना रोड पर एक टैंकर की चपेट में आकर साइकिल सवार बुजुर्ग की मौत हो गई। बुजुर्ग की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों ने शव को सड़क किनारे रखकर हंगामा किया। जिसके बाद सूचना पर पहुंची सीओ और गढ़ व बहादुरगढ़ पुलिस ने ग्रामीणों को समझाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव सदरपुर निवासी नैन सिंह (58) साइकिल पर छोले कुलचे बेचने का काम करता था। परिजनों के अनुसार बृहस्पतिवार की शाम करीब साढ़े चार बजे नैन सिंह बहादुरगढ़ क्षेत्र में ही छोले कुलचे बेचकर साइकिल पर सवार होकर घर लौट रहा था। जैसे ही गांव के बाहर पहुंचा तो स्याना की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर ने साइकिल को टक्कर मार दी, जिससे साइकिल पर सवार नैन सिंह चपेट में आ गया और मौके पर ही मौत हो गई। जिसके बाद सूचना मिलते ही मृतक के परिजन व ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंचे और आरोपी टैंकर चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क किनारे शव को लेकर बैठ गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची सीओ स्तुति सिंह, गढ़ कोतवाली प्रभारी सोमवीर सिंह और बहादुरगढ़ थानाध्यक्ष हरि कुमार ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया।
सीओ स्तुति सिंह का कहना है कि आरोपी चालक टैंकर छोड़कर भाग गया है, टैंकर को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया है। वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।