हापुड़। नगर कोतवाली पुलिस ने बुलंदशहर रोड स्थित एमएस गार्डन के पास पशुओं के अवशेष से लदे कैंटर समेत चालक को गिरफ्तार कर लिया। पश्चिम बंगाल से कैंटर में अवशेष लादकर हापुड़ लाए जा रहे थे। उपनिरीक्षक की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
दर्ज रिपोर्ट में उपनिरीक्षक विवेक चौहान ने बताया कि वह पुलिस टीम के साथ शनिवार को बुलंदशहर रोड स्थित एमएस गार्डन के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच बुलंदशहर से हापुड़ की तरफ कैंटर जा रहा था। इसमें से काले रंग का पानी टपक रहा था और काफी बदबू भी आ रही थी। उन्होंने पीछा कर बुलंदशहर रोड स्थित डाक बंगले के सामने कैंटर को रोक लिया।
पुलिस पूछताछ में चालक ने अपना नाम आस मोहम्मद निवासी मोहल्ला ईदगाह रोड पानी की टंकी के पास बताया था। इस दौरान जांच करने पर कैंटर से कट्टों में 50 क्विंटल पतोझड़ी व पशुओं की नसें बरामद हुई थी। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह पश्चिम बंगाल से अवशेष लादकर हापुड़ लाया था। यह माल वसीम निवासी मोहल्ला चाहकमाल व शकील अहमद निवासी मोहल्ला सिकंदरगेट गंदा कुंआ का है। इसके बाद उन्होंने उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को मौके पर बुलाकर अवशेष के नमूने कराए थे। नगरपालिका के अधिकारियों से संपर्क कर जेसीबी बुलाकर पशु अवशेष को गड्ढा खोदवाकर नियमानुसार मिट्टी में दबवा दिया था।
सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि उपनिरीक्षक की तहरीर पर आस मोहम्मद, वसीम व शकील अहमद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी आस मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार वसीम व शकील को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।