ज्वैलरी पर एक प्रतिशत एक्साइज ड्यूटी लगाए जाने के विरोध में शनिवार को भी सर्राफा बाजार में दुकानों पर ताले लटके रहे। ज्वैलर्स ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
शनिवार को सर्राफा बाजार में सर्राफा एसोसिएशन, स्वर्णकार एसोसिएशन के पदाधिकारी और सदस्य एकत्र हुए और ज्वैलरी पर एक प्रतिशत एक्साइज ड्यूटी हटाने की मांग कर प्रदर्शन किया।
सर्राफा एसोसिएशन के प्रधान संजीव जैन, स्वर्णकार एसोसिएशन के प्रधान जय वर्मा ने कहा कि जब तक केंद्र सरकार एक्साइज ड्यूटी वापस नहीं लेती, तब तक स्वर्णकार बाजार बंद रहेगा। सर्राफा एसोसिएशन के पूर्व प्रधान अरविंद शर्मा ने कहा कि इस ड्यूटी (टैक्स) से सभी छोटे-बड़े व्यापारी इंस्पेक्टर राज से प्रभावित होंगे।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष संजय अग्रवाल, जिला महामंत्री टुक्कीराम गर्ग ने सर्राफा बाजार पहुंच कर एक्साइज ड्यूटी के विरोध में की जा रही हड़ताल और बाजार बंदी का समर्थन किया। वहां पर पवन शर्मा, विजय अग्रवाल, जयप्रकाश वर्मा मन्नी, राकेश वर्मा,अशीष वर्मा बंटी, सन्नी जैन, अजय मंगल, शरद अग्रवाल, संदीप गोयल, लोकेश, सुभाष वर्मा, अशोक वर्मा, बिंदो, हिमांशु अग्रवाल, आशु कंसल आदि मौजूद रहे।
पिलखुवा। एक्साइज ड्यूटी लगाने के विरोध में देशभर में चल रही सर्राफा बाजार की बंदी का असर पिलखुवा में नहीं दिखाई दे रहा है। पिलखुवा का सर्राफा बाजार रोज की तरह खुला। सर्राफा एसोसियेशन पिलखुवा के अध्यक्ष सुरेंद्र वर्मा ने बताया कि शादियों का सीजन चल रहा है, कुछ लोगों का सामान देना था। जिन्हें देने के चक्कर में दुकान बंद नहीं की गई थीं। रविवार से दुकानें बंद कर विरोध जताया जाएगा।