टीजीटू को धरने में शामिल न होना पड़ा महंगा, मुंह पर पोती कालिख
हापुड़। टाउन हॉल बिजलीघर के कैश काउंटर पर एक टीजीटू को हड़ताल में शामिल न होना भारी पड़ गया। हड़ताल पर गए कर्मचारियों ने काउंटर में घुसकर उक्त टीजीटू के साथ जमकर अभद्रता कर उसके मुंह पर कालिख पोत दी। पीड़ित ने एक्सईन और थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
मंगलवार को कैस काउंटरों पर कार्य करने वाले कर्मचारियों ने सुरक्षा की मांग के लिए एसई कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया, लेकिन टाउन हॉल बिजलीघर के कैश काउंटर पर तैनात टीजीटू रूपकिशोर शर्मा कार्य कर रहा था। इसकी सूचना जब धरने पर बैठे कर्मचारियों को मिली तो वह आग बबूला हो गए। आनन फानन में कुछ कर्मचारी कैश काउंटर पर पहुंचे और टीजीटू रूपकिशोर को बाहर बुलाया। धरने में शामिल न होने की बात पर अभद्रता कर उसके मुंह पर कालिख पोत दी। आनन-फानन में पीड़ित टीजीटू ने एक्सईन से शिकायत की। एक्सईन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अधीक्षण अभियंता को पत्र लिख दिया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
अधिशासी अभियंता मनोज कुमार का कहना है कि इस मामले में उच्चाधिकारियों को कार्रवाई के लिए पत्र लिखा है। इस तरह कैस काउंटर में घुसना अपराध है, इसकी सजा दोषियों को मिलेगी।