प्राथमिक विद्यालय में बंद कर दिए आवारा गोवंश
हापुड़। कुचेसर रोड चौपला स्थित प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार को ग्रामीणों द्वारा आवारा गोवंशों को बंद करा दिया। ग्रामीणों ने गोवंशों को गोशालाओं को भेजने के लिए अधिकारियों से संपर्क किया। लेकिन किसी ने सुनवाई नहीं की। ग्रामीणों का आरोप है कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत का अधिकारियों द्वारा फर्जी निस्तारण भी करा दिया।
आवारा गोवंशों द्वारा खेतों में किए जा रहे नुकसान को लेकर ग्रामीण खासे परेशान हैं। आए दिन गोवंशों को स्वास्थ्य केंद्रों और सरकारी भवनों में बंद करने के मामले प्रकाश में आ रहे हैं। मंगलवार को भी कुचेसर रोड चौपला पर ग्रामीणों ने गोवंशों को प्राथमिक स्कूल में बंद कर दिया। इसके बाद अधिकारियों को गोवंशों को गोशाला में शिफ्ट करने के लिए फोन किए गए। भटेल गोशाला में भी फोन किया गया। इतना ही नहीं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर भी मामले की शिकायत की लेकिन अधिकारियों ने इसका फर्जी निस्तारण करा दिया गया।
इस संबंध में एसडीएम सत्यप्रकाश का कहना है कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। फर्जी आख्या यदि किसी अधिकारी के दी गयी है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।