गंगा का जलस्तर बढ़ने से जंगलों में पहुंचा पानी
गढ़मुक्तेश्वर। गंगा के जलस्तर में तेजी से हो रही बढ़ोतरी से खादर में बेचैनी का माहौल बढ़ने लगा है। निचले जंगल में पानी पहुंचने से लोगों को बाढ़ की आशंका सताने लगी है।
पहाड़ों के साथ ही मैदानों में हुई झमाझम बारिश से गढ़ खादर क्षेत्र के गांवों में फिर से बेचैनी बढ़ रही है। जलस्तर में बढ़ोतरी होने से खादर के लोगों को बाढ़ का डर सताने लगा है। संपर्क रास्तों समेत निचले जंगल में जलभराव होने से आवागमन में दिक्कत झेलने के साथ ही मवेशियों के चारे का संकट भी झेलना पड़ रहा है। बाढ़ नियंत्रण आयोग का कहना है कि सोमवार को ब्रजघाट में गंगा का जलस्तर बढ़कर समुद्रतल से 198.15 मीटर के निशान तक पहुंच गया है। इसमें बढ़ोतरी का क्रम लगातार जारी है। वहीं सिंचाई विभाग कंट्रोल का कहना है कि बिजनौर बैराज से 50 हजार 540 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इससे मंगलवार की शाम तक ब्रजघाट पहुंचने से जलस्तर में और भी बढ़ोतरी होगी।
एसडीएम राममूर्ति त्रिपाठी का कहना है कि जलस्तर में हो रही बढ़ोतरी पर बारीकी से नजर रखी जा रही है, हालांकि फिलहाल बाढ़ आने जैसी कोई भी संभावना नहीं है। एहतियात के तौर पर राहत चौकियों को सतर्क करने के साथ ही लेखपालों समेत राजस्व कर्मियों की निगरानी का जिम्मा भी सौंपा हुआ है।