गढ़ में सडक़ किनारे खुले में रखी निर्माण सामग्री। संवाद
गढ़मुक्तेश्वर। गढ़, सिंभावली और बहादुरगढ़ क्षेत्र में सड़कों के किनारे खुली निर्माण सामग्री लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। रेत, बजरी और अन्य सामग्री से उड़ने वाली धूल वायु प्रदूषण बढ़ा रही है। इससे राहगीरों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क किनारे सामग्री रखने से अतिक्रमण की स्थिति भी बन रही है।
गन्ना क्रेशरों के इंजनों से निकलने वाला काला धुआं भी वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) को प्रभावित कर रहा है। समाजसेवी रविंद्र कुमार ने प्रशासन की अनदेखी को समस्या का कारण बताया। गढ़ में तहसील रोड, स्याना रोड और मेरठ रोड समेत कई स्थानों पर निर्माण सामग्री से धूल उड़ती है। इससे दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय निवासियों को परेशानी होती है। धूल और वाहनों के धुएं से हवा की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। शुक्रवार दोपहर तक गढ़ क्षेत्र का एक्यूआई 159 दर्ज किया गया। लोगों ने शिकायतों के बावजूद स्थायी समाधान न होने की बात कही। उन्होंने संबंधित विभागों से निर्माण सामग्री हटवाने और अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
एसडीएम अशोक सैनी ने इस मामले पर संज्ञान लिया है। उन्होंने बताया कि एक टीम का गठन किया जाएगा। यह टीम सड़क पर बिल्डिंग मटेरियल फैलाने वालों पर कार्रवाई करेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना भी लगाया जाएगा।