जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में चल रही बीटीसी काउंसलिंग में मंगलवार को अभ्यर्थियों को काफी परेशान होना पड़ा। डायट कर्मी अभ्यर्थियों की फाइलों को जमा तो कर रहे थे लेकिन रिसिविंग नहीं मिलने से आवेदक परेशान रहे। साथ ही बैठने और पेयजल की व्यवस्था न होने से दूरदराज के अभ्यर्थी बेहाल रहे।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में बीते छह दिन से बीटीसी-2015 की काउंसलिंग चल रही है। हापुड़ और गाजियाबाद की सीटों पर काउंसलिंग कराने के लिए आए दिन हजारों अभ्यर्थी पहुंच रहे हैं। मंगलवार सुबह सात बजे से दूर दराज के अभ्यर्थी पहुंचने लगे।
डायट की ओर से अभ्यर्थियों के बैठने और पेयजल आदि की कोई व्यवस्था नहीं की गई थी। ऐसे में दूरदराज से आए हजारों अभ्यर्थियों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ा। इतना ही नहीं मंगलवार को भीड़ के चलते डायट कर्मी अभ्यर्थियों की फाइलें जमा तो कर रहे थे लेकिन उन्हें रिसिविंग नहीं दे रहे थे।
ऐसे में अभ्यर्थी इस दुविधा में थे कि उनकी फाइल को आगामी प्रक्रिया में शामिल भी किया जाएगा या नहीं।
काउंसलिंग कराने पहुंचे इलाहाबाद निवासी आशीष कुमार ने बताया कि डायट में काउंसलिंग के दौरान अव्यवस्थाओं का बोल बाला रहा। जमा की गई फाइलों की रिसिविंग भी नहीं मिल सकी।
मुरादाबाद की नेहा चौधरी ने बताया कि वह भी काउंसलिंग कराने आई हैं। डायट की ओर से कोई व्यवस्था नहीं की गई है। इसके चलते परेशान होना पड़ रहा है।
आजमपुर बिजनौर से आई रूबि ने बताया कि काउंसलिंग के लिए फाइल तो डायट में जमा हो गई हैं लेकिन उनकी रिसिविंग नहीं मिली है। ऐसे में उन्हें काफी दुविधा हो रही है।
बरेली से आए गौरव शर्मा ने बताया कि काउंसलिंग के दौरान काफी अव्यवस्थाएं नजर आईं। पूरे दिन लाइन में लगकर परेशान होना पड़ा। डायट की ओर से पानी तक की भी व्यवस्था नहीं थी।
अभ्यर्थियों की अधिक भीड़ के चलते समस्या हो रही है। फिर भी व्यवस्था बनाने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। सभी अभ्यर्थियों की फाइलें सुरक्षित तरीके से रिकॉर्ड में रखी जा रही हैं। डॉ. दिनेश सिंह, प्राचार्य
डायट में चल रही काउंसलिंग के छठवें दिन अभ्यर्थियों की भीड़ उमड़ पड़ी। नगर पालिका परिषद के गेट से जिला मुख्यालय, एसपी कार्यालय, बीएसए कार्यालय, डीआईओएस कार्यालय में भी अभ्यर्थियों की भीड़ लगी रही। डायट की ओर से कोई इंतजाम न होने के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा।