चुनावी शंखनाद के बाद बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो मायावती ने अपने सौ प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में जिले के तीनों सीटों पर पहले से ही घोषित प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं।
बसपा ने पूर्व में ही हापुड़ विधानसभा सीट (आरक्षित) से श्रीपाल गढ़मुक्तेश्वर सीट से पूर्व एमएलसी प्रशांत चौधरी और धौलाना सीट से असलम चौधरी को प्रत्याशी बनाया था।
सभी प्रत्याशी अपने स्तर से चुनाव की तैयारियों में भी जुटे थे। बृहस्पतिवार को जारी पहले सौ सदस्यों की सूची में इन तीनों प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं। प्रत्याशियों के नाम फाइनल होने से समर्थकों में खुशी की लहर है।
दरअसल, इस बार चुनाव में तीनों सीटों पर बसपा, सपा और भाजपा में कांटे की टक्कर होगी। पिछले विधानसभा चुनाव में बसपा के खाते में जिले की एक भी सीट नहीं गई थी, लेकिन बसपा तीनों ही सीटों पर दूसरे नंबर की पार्टी थी।
धौलाना के असलम चौधरी पिछले विधान सभा चुनाव में सपा के धर्मेश तोमर से मामूली वोटों से ही पिछड़ गए थे। वहीं, बसपा जिला अध्यक्ष किरणपाल सिंह ने बताया कि पार्टी प्रमुख मायावती द्वारा श्रीपाल, प्रशांत और असलम को प्रत्याशी बनाए जाने पर कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है।