हापुड़। नई दिल्ली से डिब्रूगढ़ जा रही राजधानी एक्सप्रेस की बोगी के ब्रेक जाम होने से धुआं उठने लगा। ट्रेन में धुआं उठता देख यात्रियों में अफरातफरी मच गई। हापुड़ रेलवे स्टेशन पर ट्रेन को रोककर ब्रेक की मरम्मत की गई और करीब 20 मिनट बाद ट्रेन को रवाना किया गया। इस दौरान कांशी विश्वनाथ एक्सप्रेस का संचालन प्रभावित होने से दस मिनट देरी से पहुंची।
नई दिल्ली से चलकर राजधानी एक्सप्रेस बृहस्पतिवार दोपहर डिब्रूगढ़ जा रही थी। जैसे ही ट्रेन दोपहर करी 12.40 बजे हापुड़ पहुंची तो ट्रेन की बोगी के ब्रेक में लगी रबड़ जलने से धुंआ उठने लगा और वैक्यूम ब्रेक जाम हो गया। चालक ने धुआं निकलता देख रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर ट्रेन को रोक दिया। जिससे पीछे चल रही कांशी विश्वनाथ एक्सप्रेस प्रभावित हुई।
धुआं उठता देख और बिना स्टॉपेज के ट्रेन के अचानक रुक जाने से यात्रियों में अफरा तफरी मच गई। ट्रेन के रुकते ही बोगी में सवार यात्री ट्रेन से उतरकर रेलवे लाइन पर आ गए। ट्रेन में सवार कर्मचारी और आरपीएफ के जवान भी बोगी पर पहुंचे। जहां कर्मचारियों ने रबड़ को बदलकर ब्रेक व पहिए को ठीक किया। करीब 20 मिनट तक ट्रेन खड़ी रही है, इसके बाद ब्रेक ठीक होने पर ट्रेन को रवाना कर दिया गया। स्टेशन अधीक्षक अजब सिंह का कहना है कि ब्रेक जाम होने के कारण ट्रेन में थोड़ा धुआं निकला था, जिसे ठीक कर दिया, जिसके बाद ट्रेन को रवाना कर दिया गया।