गुलावठी से ट्यूशन पढ़कर घर लौट रही साइकिल सवार बीएससी की एक स्टूडेंट की जांबाजी से लूटपाट करने वाले बदमाशों को राहगीरों ने धर दबोचा। धुनाई करने के बाद उन्हें पुलिस को सौंप दिया।
ग्राम पारपा की एक स्टूडेंट दोपहर एक बजे अपनी साइकिल पर भटौना-इकलैडी मार्ग से होकर गांव लौट रही थी। जब वह भूडिया के रास्ते पर पहुंची तो उसको अकेली देख दो बदमाशों ने रोककर उससे कुंडल लूटने चाहे।
छात्रा साहस दिखाते हुए बदमाशों से भिड़ गई और शोर मचा दिया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे ग्रामीणों और खेतों में काम कर रहे किसानों ने दौड़कर दोनों बदमाशों को धर दबोचा। लोगों ने उनकी जमकर धुनाई की।
बदमाशों सालेपुर कोटला गांव के रहने वाले हैं। ग्रामीणों के अनुसार बदमाश कई दिन से जंगल में महिलाओं से जेवरात लूुटने की फिराक में घूम रहे थे। सपनावत चौकी प्रभारी सतवीर सिंह ने बताया कि आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है। मामला लूटपाट का नहीं, छेड़खानी का है। इसमें आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।