ब्रजघाट। हापुड़ निवासी युवक सूदखोर से परेशान होकर गंगानगरी में आत्महत्या करने के उद्देश्य से पहुंच गया। इस दौरान उसने परिजनों को मैसेज कर दिया। परिजनों ने गंगा किनारे उसका बैग देखा तो पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने चंद घंटों में युवक को सकुशल तलाश कर परिजनों को सौंप दिया है।
सोमवार की शाम को हापुड़ नगर की सर्वोदय कॉलोनी निवासी सुशील और कपिल गंगानगरी की पुलिस चौकी पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनका रिश्तेदार सचिन गर्ग गंगानगरी मे आत्महत्या करने के लिए आया है। इस संबंध में सचिन ने परिजनों के मोबाइल पर संदेश भेजा है। संदेश मिलने के बाद उसे तलाश करने वह गंगा तट पर पहुंच गए। जहां तलाश करने के दौरान किनारे पर उसका बैग रखा हुआ मिल गया है। जानकारी मिलते ही पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी। इसके आधार पर युवक की तलाश शुरू कर दी गई। युवक गंगानगरी के रेलवे हाल्ट पर बैठा हुआ मिला। युवक को पुलिसकर्मी चौकी पर लेकर पहुंचे। पूछताछ में युवक ने बताया कि उसने तंगी में आकर कुछ लोगों से कर्ज ले लिया था। कर्ज लेने के बाद उसने आरोपियों को उनके रुपये भी वापस कर दिए। लेकिन, आरोपी अभी भी उस पर काफी कर्ज बताकर उसे लगातार परेशान कर रहे हैं। सूदखोरों से परेशान होकर वह इस कदम को उठाने के लिए यहां आ गया था। युवक के सकुशल बचने के बाद परिजन उसको लेकर घर चले गए है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि युवक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।