पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र में धौलाना रोड पर दो बाइकों की आमने सामने की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई, फुफेरा भाई घायल हो गया। वहीं दूसरी बाइक चालक घटना के तुरंत बाद मौके से भाग गया।
पुलिस के अनुसार धौलाना रोड पर कंपनी के पास सड़क के मोड पर दो बाइकों की आमने सामने भिड़ंत हो गई। इसमें जनपद बुलंदशहर के ग्राम रोहदा निवासी उवेश ठाकुर (23) गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि फुफेरा भाई सिखेड़ा निवासी अरमान को मामूली चोट आई। पुलिस ने दोनों को तत्काल रामा अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उवेश ठाकुर को मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद दूसरी बाइक का चालक भाग निकला। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि दुर्घटना की जांच की जा रही है। फरार बाइक चालक की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।